देहरादून : बांदल घाटी में बुधवार दोपहर बाद वर्षा होते ही ग्रामीण सहम उठे। बीते शुक्रवार रात को बादल फटने से मची तबाही का मंजर ग्रामीणों के जेहन में ताजा है। हालांकि, वर्षा ज्यादा देर नहीं हुई। वर्षा रुकने पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

उधर, टिहरी जनपद के नैलचामी पट्टी के थार्ती गांव में आधी रात को मूसलधार वर्षा के बीच बादल फटा। जिसके बाद गांव की करीब सौ नाली जमीन बह गई। नकदी फसलों और फलदार पेड़ों को व्यापक नुकसान पहुंचा है।

इधर, देहरादून (Dehradun Weather Alert Today) के सहस्रधारा, रायपुर, गढ़ीकैंट, जाखन, राजपुर रोड, चकराता रोड आदि क्षेत्र में दोपहर तीन बजे बाद करीब आधा घंटे मूसलधार वर्षा हुई।

पांच बजे बाद आइएसबीटी, घंटाघर, प्रिंसचौक, सहारनुपर रोड, पटेलनगर क्षेत्र में एक बार तेज बौछारें (Rain in Dehradun Today) पड़ी। हालांकि शहर में दिन के समय धूप खिली रहने से अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

देहरादून का अधिकतम तापमान 32.9 व न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि गुरुवार को राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा (Uttarakhand Weather News) का अनुमान है। मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुल्क रहेगा। 27 अगस्त के बाद एक बार फिर मानसून सक्रिय होने की संभावना है।

कालसी ब्लाक के अंतर्गत हरिपुर कोटी ईच्छाडी मार्ग पर तुनिया व कोटी के बीच कोइला नाला के पास स्थिति फौजी ढाबे पर पहाड़ से बड़े बड़े बोल्डर गिरने से छत टूट गई। जिस समय हादसा हुआ उस समय ढाबे में कोई मौजूद नहीं था।
बुधवार सुबह करीब सात बजे पहाड़ से बडे-बडे बोल्डर गिरने लगे। ढाबा संचालक उस समय बाहर था और ढाबे में कोई भी नहीं था। बोल्डर गिरने पर ढाबे के भवन की छत टूट गई। इससे ढाबा को काफी नुकसान हुआ है।

इस घटना से कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन छत टूट गई।
ढाबा संचालक जगत सिंह पुत्र हरि सिंह निवासी नराया तहसील चकराता ने बताया कि ढाबे में टीवी फ्रिज व अन्य सामान का नुकसान हुआ है।

सूचना पर पटवारी रतिराम व राजस्व निरिक्षक राजेंद्र लाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने मौका मुआयना कर रिपोर्ट तैयार की है। कहा कि आपदाग्रस्त स्थान के नुकसान की रिपोर्ट तहसीलदार को सौंपी जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here