देहरादून: उत्तराखंड में मौसम के तल्ख तेवर दुश्वारियां बढ़ा रहे हैं। बीते चार दिन से प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में रुक-रुककर वर्षा का क्रम जारी है। जिससे पहाड़ से लेकर मैदान तक जनजीवन प्रभावित है।

शहरों में जगह-जगह जल भराव तो पहाड़ों में भूस्खलन के कारण मार्ग बाधित हो रहे हैं। चारधाम यात्रा मार्गों पर बार-बार रोके जाने से श्रद्धालुओं को परेशानी उठानी पड़ रही है।

गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवाजाही सबसे ज्यादा प्रभावित है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज भी देहरादून समेत सात जनपदों में भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। इसको लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

प्रदेश में मानसून की विदाई से पहले भारी वर्षा का क्रम तेज हो गया है। मानसून के साथ पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते हिमालयी क्षेत्रों में सघन बादल विकसित हो रहे हैं और झमाझम वर्षा हो रही है।

शनिवार को देहरादून समेत अन्य इलाकों में सुबह से ही बादलों का डेरा रहा। दिनभर में मध्यम से तेज वर्षा के कई दौर हुए। जिससे जगह-जगह जलभराव हो गया।

उधर, पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की वर्षा के बीच भूस्खलन का क्रम भी बना हुआ है। पर्वतीय मार्गों पर सफर खतरनाक बना हुआ है।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, आज प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में वर्षा हो सकती है। देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी वर्षा के आसार हैं। इसे लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि, अन्य जनपदों में भी गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here