रामनगर:  गिरिजा मंदिर दर्शन के लिए आ रहे रामपुर के श्रद्धालुओं का टेम्‍पो हाइवे पर पलट गया। दुर्घटना में 17 लोग घायल हो गए। तीन घायलों को गंभीर हालत के चलते रेफर कर दिया गया। विधायक दीवान सिंह बिष्ट व नायब तहसीलदार डीसी मिश्रा व पुलिस ने घटना की जानकारी ली।

मंगलवार को उप्र के जिला रामपुर के टांडा दड़ियाल गांव के अलग-अलग घरों से लोग गिरिजा देवी दर्शन के लिए प्रातः सात बजे चले थे। छोटा हाथी वाहन में महिलाएं, लड़कियां व बच्चे मिलाकर 27 लोग सवार थे। प्रातः दस बजे ढिकुली में पहुंचते ही लदुआचौड़ पर वाहन अनियंत्रित हो गया। श्रद्धालुओं के मुताबिक वाहन की स्पीड तेज थी।

 

चालक हिमांशु ने वाहन को रोकने के लिए हैंड ब्रेक भी लगाए। लेकिन ओवरलोड सवारी होने की वजह से वाहन दूसरी दिशा में जाकर सड़क किनारे पलट गया। गनीमत रही कि वाहन साइन बोर्ड की वजह से रुक गया। अन्यथा वाहन खाई में गिर जाता। दुर्घटना में 17 लोग घायल हो गए।

उपचार के लिए घायलों को संयुक्त चिकित्सालय लाया गया। जिसमें से तीन घायलों को रेफर कर दिया। सात घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

 

वहीं रुद्रपुर में छतरपुर रेलवे क्रासिंग के पास ट्रांसपोर्ट कर्मी संपर्क क्रांति की चपेट में आ गया। इससे उसकी मृत्यु हो गई। इसका पता चलते ही स्वजन में कोहराम मच गया। बाद में पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मौत हादसे से हुई है या फिर उसने आत्महत्या की है, पुलिस इसकी जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक मूलरूप से सिटौरा थाना कुंलडिया बरेली और हाल निवासी ट्रांजिट कैंप आजादनगर 25 वर्षीय महेश पाल पुत्र बाबू राम ट्रांसपोर्ट कंपनी में काम करता है। दो-तीन साल पहले उसका विवाह हुआ था और एक पुत्री भी है। बताया जा रहा है कि रविवार शाम को वह छतरपुर की ओर गया हुआ था। जहां छतरपुर रेलवे क्रासिंग के पास वह उत्तराचंल संपर्क क्रांति की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

इसका पता चलते ही सिडकुल चौकी प्रभारी पंकज कुमार पुलिस कर्मियों के साथ पहुंचे और जानकारी ली। साथ ही शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महेश पाल की मृत्यु की खबर मिलते ही उसकी पत्नी और भाई समेत अन्य स्वजन भी पहुंच गए और उसकी लाश देखकर कोहराम मच गया। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। एसपी क्राइम चंद्रशेखर घोड़के ने बताया कि प्रथम दृष्टया महेश की मृत्यु आत्महत्या प्रतित हो रही है। हादसा है या फिर आत्महत्या इसकी जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here