देवप्रयाग: पहाड़ो में लगातार गुलदार का आंतक बढ़ता ही जा रहा है। वहीं देवप्रयाग में गुलदार ने एक (30 वर्षीय) व्यक्ति को अपना शिकार बनाया है। व्यक्ति मानसिक रूप से विक्षिप्त है। मृतक को तुंगीगांव के निकट डाकबंगला रोड से सटे जंगल में देर रात गुलदार ने अपना शिकार बनाया। शव को पुलिस ने बरामद कर पोस्टमार्टम के लिये भिजवाया है, जबकि प्रशासन के आदेश पर वनविभाग ने घटनास्थल पर पिंजरा लगा दिया है।
लगातार क्षेत्र में पशुओं के शिकार के बाद अब इंसानी शिकार करने से लोगों में जहां दहशत है। वहीं स्थानीय निवासियों ने जल्द गुलदार को आदमखोर घोषित कर उसे मारने की मांग की है और ऐसा जल्द नहीं होने पर वनविभाग को आंदोलन की चेतावनी दी है। वहीं इसी महीने मलेथा की एक लड़की को भी गुलदार घर से उठा ले गया था। जिसका शव जंगल से बरामद किया गया था। उसके बाद क्षेत्रीय युवाओं के साथ वन विभाग की टीम ने गुलदार को पकडऩे के लिए अभियान भी चलाया था। बावजूद इसके क्षेत्र में गुलदार के हमले का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।