क्यों अलग उत्तराखंड के विरोधी कहे जाते है हरीश रावत

हरीश रावत की जुबानी

 

उत्तराखण्डियत_तक_का_सफरनामा
आम तौर पर प्रचलित है कि मैं #उत्तराखण्ड_राज्य के समर्थन में नहीं था। इसका एक बड़ा कारण लम्बे समय तक, #कांग्रेस पार्टी का उत्तर प्रदेश के विभाजन के विरोध में रहना है। मैं 9वें दशक में जब राज्य आन्दोलन चरम पर था, दिल्ली में कांग्रेस पार्टी के तत्कालिक बड़े नामों में एक मात्र सक्रीय व्यक्ति था जो आन्दोलन के प्रश्न पर मौन नहीं था। मैं कुछ न कुछ कह रहा था व कर रहा था। दूसरा बड़ा कारण यह भी था कि प्रारम्भ में अल्मोड़ा संसदीय क्षेत्र ही #राज्य_आन्दोलन का केन्द्र बिन्दु था, सभी महत्वपूर्ण नेता स्व. डाॅ. डी.डी. पंत, जसवंत सिंह बिष्ट, स्व. विपिन चन्द्र त्रिपाठी, पूरन सिंह डंगवाल, श्री काशी सिंह ऐरी, स्व. श्री शमशेर सिंह बिष्ट, श्री पी.सी. तिवारी, स्व. श्री प्रताप सिंह बिष्ट, श्री नवीन मुरारी, श्री नारायण सिंह जंतवाल आदि की राजनीति का केन्द्र बिन्दु भी यही क्षेत्र था। केवल स्व. इन्द्रमणी बड़ोनी और श्री दिवाकर भट्ट टिहरी जनपद से थे। कांग्रेस, #भाजपा के बाद #उक्रांद तीसरी शक्ति के रूप में इसी क्षेत्र में प्रभावी थी और अल्मोड़ा उस समय जनआन्दोलनों का गढ़ था। कांग्रेस सत्तारूढ़ दल था, मुझे अपनी व पार्टी की राजनीति के रक्षार्थ इन सब महानुभवों से जूझना पड़ता था। स्वभाविक रूप से मेरा नाम राज्य आन्दोलन के विरोधियों में सबसे ऊपर लिखा जाता रहा।
प्रारम्भिक तथ्य इस आम धारणा के विपरित है। मैं जब इंटर पढ़ने #रामनगर गया, मेरी प्रारम्भिक राजनैतिक शिक्षा/दीक्षा जिन 3 व्यक्तियों के सानिध्य में हुई, वे सब पृथक राज्य ममर्थक थे व कम्युनिष्ट थे। स्व. श्री सुशील कुमार निरंजन, स्व. सुन्द्रियाल व विष्णु प्रसाद अग्रवाल ने मुझे रामनगर जाते ही अपने आभा मण्डल में ले लिया। गांव से गया युवा जिसके माॅ-बाप व मामा लोगों ने नौकरी के सपने के साथ अंग्रेजी, गणित, विज्ञान आदि पढ़ने भेजा व पढ़ने लगा पृथक राज्य। मैं खिलाड़ी था, थोड़ा बाचाल था। चाय-दूध पीने जिस डंगवाल खोमचे या ललदा खोमचे में जाता था, वहां इन लोगों का अड्डा था और इनकी खूब बहसबाजी होती थी। स्व. शिवप्रकाश अग्रवाल जो विष्णु जी के छोटे भाई थे, लोहियावादि थे, एडवोकेट बनकर आये थे, मेरे दो क्लासफैलो स्व. श्री ललित मोहन दुर्गापाल और कैलाश जोशी भी इस मण्डली के स्थाई शोभा थे। कभी-2 कांग्रेस नेता रामवतार जी व श्री जोशी जी, इस मण्डली की बहस में योगदान देते थे। मैं बड़ी उत्सुकता से इनकी बातों को सुनता था। #गाॅव_वाले को बड़ी-2 बातें व बहस, कब अच्छी लगने लगी और वह भी इसका हिस्सा बन गया, इसका मुझे स्मरण नहीं है। मगर यहां होने वाली गर्मा-गर्म चर्चा का एक विषय पहाड़ के आठ जिलों का राज्य भी होता था एवं सुशील कुमार निरंजन पत्रकार थे और साप्ताहिक पत्रिका निकालते थे, कम्युनिष्ट थे। उनसे मेरी निकटता कैलाश जोशी के माध्यम से बढती गई। कैलाश, रोज मुझे उनके छोटे से दफ्तर में खींचकर ले जाता था, वहीं मैंने माक्र्स लेनिन के साथ कामरेड पी. सी. जोशी का नाम भी सुना। श्री निरंजन व श्री सुन्द्रियाल उनके प्रशंसक थे। श्री पी.सी. जोशी के प्रभाव में उनके महासचिव रहते कम्युनिष्ट पार्टी ने उत्तराखण्ड राज्य का प्रस्ताव पारित किया था। दोनों तब से उनसे जुड़े हुये थे। खैर मेरी रूची भी उत्तराखण्ड शब्द में बढ़ गई। मुझे भी उसमें अपना भविष्य दिखाई देने लगा और धीरे-2 चाय के खोमचे की चैपाल में पहाड़ी राज्य के लिये तर्क देने लगा, यह मेरा उत्तराखण्ड के लिये पहला जनेवुकरण था।
#नेतागिरी की लत डंगवाल व लल्दा के खोमचे में लगी, लखनऊ विश्व विद्यालय तक लगी रही। यदा-कदा रामनगर आकर निरंजन जी से लत को रिन्यू करवा लेता था। मैं, #कम्युनिष्ट_पार्टी का सदस्य नहीं बना, मगर मैं कम्युनिज्म की सर्वहारा सोच से प्रभावित रहा। लखनऊ विश्व विद्यालय के तिलक हाल में मेरा रूम मेट श्री देवेन्द्र सिंह बिष्ट भी घोर कम्युनिष्ट था। धीरे-2 छात्र आन्दोलन माध्यम से मैं कई नेताओं से जुड़ गया। 1969 में हम लोग विश्व विद्यालय के स्टेडियम में श्रीमती इंदिरा गाॅधी को बुलाकर लाये। उन्हें सुनने के बाद मैं खुला कांग्रेसी हो गया। वह क्षण, मेरे लिये आज भी रोमांचक है, खैर उस पर फिर कभी बात करूंगा। हाॅं, विश्व विद्यालय छोड़ने के बाद भी मैं कांग्रेस से जुड़ा रहा। घर आते ही मैं अपने गांव के निकटस्थ स्कूल की प्रबन्धन समिति से जुड़ गया। यहां भी सब कांग्रेस से जुड़े लोग थे। फिर ब्लाॅक प्रमुख बन गया। असली कहानी यहां से प्रारम्भ होती है।
मैं, प्रखर मूर्धन्य #स्वतंत्रता संग्राम सेनानी व एक वरिष्ठ एडवोकेट के विरोध में प्रमुख का चुनाव जीता। मगर मैंने अपने को कांग्रेस से संबद्ध बताया। उस समय हमारे जिले में प्रतिपक्ष के 3 प्रमुख थे, एक जनसंघ और दो सोसलिस्ट थे। श्री जसवन्त सिंह बिष्ट उनमें से एक थे। हम अड़ोस-पड़ोस के प्रमुख थे। सन् 1973 में स्व. प्रताप सिंह नेगी, एम.पी. हमारे क्षेत्र में आये। श्री नेगी, कांग्रेस के लोकसभा सदस्य थे। राज्य बनाओ जागृति हेतु सम्पर्क यात्रा में थेे। मैं और श्री बिष्ट भी श्री नेगी जी के साथ राज्य सम्पर्क यात्रा में जुड़ गये थे। केदार, स्याल्दे, सराईखेत, उप्राईखाल होते हुये वीरोंखाल तक गये, यह मेरी पहली राजनैतिक पदयात्रा थी और उत्तराखण्ड राज्य के सर्मथन में थी।
सातवां दशक, मेरे #राजनैतिक व सामाजिक जीवन की बुनियाद बनाने व मेरी सोच को धरातलीय आधार देने में अति महत्वपूर्ण रहा है। आज का हरीश रावत उसी का परिणाम है, ब्लाॅक प्रमुख व युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष, प्रांतीय महासचिव फिर स्व. श्री #संजय_गांधी जी के एक संघर्षशील कार्यकर्ता के तौर पर मैंने देश व उत्तराखण्ड का व्यापक भ्रमण किया। कुमाऊं-गढ़वाल को गहराई से समझा। मैंने उत्तराखण्ड से पहले #उत्तराखण्डियत का पाठ पढ़ा, राजनैतिक कारणों से नहीं बल्कि 8 पहाड़ी जनपदों की ‘‘वास्तविकता की समझ’’ की किताब से पढ़ा।
क्रमशः
(हरीश रावत)
#uttarakhand

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here