रुद्रपुर: उत्तराखंड के रुद्रपुर शहर में कांग्रेस ने महंगाई के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन किया। शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डीजल, पेट्रोल और गैस के लगातार बढ़ रहे दामों के विरोध का अजब तरीका अपनाया। प्रदेश सचिव नंदलाल गड्ढे में उतरे और खुद को मिट्टी से ढक लिया। गले तक मिट्टी में धंस कर उन्होंने महंगाई के खिलाफ विरोध जताया। वह डेढ़ घंटे तक गड्ढे में रहे। बाहर निकलने के बाद नंदलाल ने कहा कि लगातार बढ़ते दामों से जनता के हालात बदतर हो रहे हैं। महंगाई से आम जनता की कमर टूट गयी है। लेकिन सरकार को जनता की परवाह नहीं है। सरकार को जनता की परवाह करनी चाहिए। वहीं लगातार बढ़ रही महंगाई और रसोई गैस सिलिंडर के दामों में बढ़ोतरी के विरोध में देहरादून जिलाधिकारी कार्यालय पर महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार में जनता बढ़ती महंगाई से परेशान है। जबकि सबका साथ सबका विकास के वादे पर भी सरकार खरी नहीं उतर पाई है।

प्रदेश उपाध्यक्ष हेमा भंडारी ने कहा कि केंद्र सरकार हर मोर्चे पर असफल साबित हुई है। आज देश में बढ़ती महंगाई सरकार की गलत नीतियों का नतीजा है। देश का हर वर्ग अपने को पीड़ित ओर शोषित महसूस कर रहा है। 15 दिन में घरेलू गैस सिलिंडर के दाम 50 रुपये बढ़ गए हैं, लेकिन सरकार मूकदर्शक बनी है।

अच्छे दिन का वादा करके यह सरकार सत्ता में आई थी, लेकिन जनता खुद को ठगा महसूस करने लगी है। वरिष्ठ नेता अनिल सती ने कहा कि केंद्र सरकार महंगाई को काबू में पाने में असफल साबित हुई है। युवा बेरोजगार हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here