देहरादून: उत्तराखंड में ज्यादातर इलाकों में मौसम साफ हो गया है। हालांकि, पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं बादल छाए रहे। मैदानों में जहां चटख धूप ने ठंड से कुछ राहत दी, वहीं पहाड़ों में सर्द हवा का सितम जारी रहा। कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग पर दोपहर के समय हिमस्खलन हो गया। हालांकि, इस दौरान किसी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले कुछ दिन मौसम शुष्क रहेगा। मैदानों में कोहरा और पहाड़ों में पाला दुश्वारियां बढ़ा सकता है।

प्रदेश में करीब एक सप्ताह बारिश व बर्फबारी के बाद अब मौसम खुल गया है। ज्यादातर इलाकों में चटख धूप खिली रही। हालांकि, सुबह-शाम अब भी ठिठुरन बनी हुई है। कई जगह आंशिक बादलों के बीच सर्द हवाएं कंपकंपी छुटा रही है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। धूप खिलने से बर्फ भी पिघलने लगी है। कुमाऊं में कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग पर नपलच्यु गांव के पास दोपहर एक बजे भारी हिमस्खलन हुआ। गनीमत रही कि हिमस्खलन गांव से करीब 500 मीटर दूर नाले में हुआ। इससे गांव को कोई नुकसान नहीं हुआ है।

 

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक शनिवार को प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इस दौरान हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर समेत अन्य मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाया रह सकता है, जबकि पहाड़ों में पाला गिरने के आसार हैं। बर्फीली हवा का सितम अभी बना रह सकता है।

उत्तराखंड के पर्यटक स्थलों में हुई बर्फबारी से पर्यटकों के चेहरे खिल उठे। उन्होंने मसूरी, धनोल्टी, चकराता समेत कई स्थानों पर बर्फबारी का जमकर लुत्फ उठाया। वहीं, बर्फबारी से पहाड़ी क्षेत्रों में इससे मुसीबतें भी बढ़ गई, कई जगहों पर रास्ते बंद रहे तो सर्दी का सितम भी देखने को मिला।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here