कीव: रूसी सैनिकों ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर हमला शुरू कर दिया जिसके बाद सरकारी इमारतों के निकट गोलीबारी और विस्फोटों की आवाजें गूंज रही थीं। रूस की इस कार्रवाई से यूरोप में व्यापक युद्ध की आशंका पैदा हो गई है। वहीं उसे रोकने के लिए दुनियाभर में प्रयास भी शुरू हो गए हैं। युद्ध से सैकड़ों लोगों के हताहत होने की सूचनाओं के बीच कीव में इमारतों, पुलों और स्कूलों के सामने भी गोलीबारी और विस्फोटों की घटनाएं हुई हैं. इससे इस बात के भी संकेत बढ़ रहे हैं कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन की मौजूदा सरकार को उखाड़ फेंकने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदमिर जेलेंस्की ने पश्चिमी ताकतों से अनुरोध किया है कि वे रूस की अर्थव्यवस्था को चौपट करने के लिए जल्दी काम करें और यूक्रेन की सैन्य मदद करें।

दुनिया के नक्शे में बदलाव करने और रूस के शीतयुद्ध कालीन प्रभाव को बहाल करने के लिए यह पुतिन का अभी तक का सबसे बड़ा कदम है। हालांकि इस युद्ध में अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि यूक्रेन का कितना हिस्सा अब भी उसके कब्जे में है और कितने हिस्से पर रूस का नियंत्रण हो गया है। इस बीच क्रेमलिन ने बातचीत करने की कीव की पेशकश स्वीकार कर ली है। लेकिन ऐसा प्रतीत होता है कि यह युद्ध से जूझ रहे यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के प्रति नरमी दिखाते हुए किया जा रहा है, ना की मामले का कूटनीतिक हल निकालने के लिए।

इसपर पश्चिमी देशों के नेताओं ने आपातकालीन बैठक बुलाई है और यूक्रेन के राष्ट्रपति ने ऐसे हमलों को रोकने के लिए अंतरराष्ट्रीय मदद की गुहार लगाई है क्योंकि उन्हें आशंका है कि रूस लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई उनकी सरकार को बेदखल कर सकता है। यूक्रेन में बड़े पैमाने पर लोग हताहत हो सकते हैं और वैश्विक अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचा सकता है।

वहीं रूस के आक्रमण का दूसरा दिन यूक्रेन की राजधानी पर केंद्रित था, जहां पत्रकारों ने विस्फोट की आवाजें सुनीं. यूक्रेन के खिलाफ बड़े सैन्य अभियान की घोषणा करते हुए पुतिन ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निंदा एवं प्रतिबंधों को नजरंदाज किया है और अन्य देशों को चेतावनी दी कि रूसी कार्रवाई में किसी प्रकार के हस्तक्षेप के प्रयास के ऐसे परिणाम होंगे, जो उन्होंने कभी नहीं देखे होंगे।

रूसी सेना ने कहा कि उसने कीव के बाहर एक रणनीतिक हवाई अड्डे और पश्चिम में एक शहर पर नियंत्रण कर लिया है। यूक्रेनी अधिकारियों ने यूक्रेन की ओर कम से कम 137 लोगों की मौत की सूचना दी और सैकड़ों रूसी सैनिकों के मारे जाने का दावा किया। रूसी अधिकारियों ने हताहतों का कोई आंकड़ा जारी नहीं किया है। फिलहाल मृतकों की संख्या को सत्यापित करना संभव नहीं हो सका है। वहीं संयुक्त राष्ट्र के अधिकारियों ने कहा कि 25 नागरिकों की मौत हुई है जिनमें से ज्यादातर की मौत गोलाबारी और हवाई हमलों में हुई है। उन्होंने कहा कि ऐसा माना जा रहा है कि एक लाख लोगों ने अपने घर छोड़े हैं। आशंका है कि युद्ध बढ़ने पर यह संख्या 40 लाख तक पहुंच सकती है।

यूक्रेन की राजधानी कीव के खतरे में घिरने के संकेतों के बीच सेना ने शुक्रवार को कहा था कि रूसी जासूसों और विध्वंसक गतिविधियों में लिप्त लोगों के एक समूह को शहर के केंद्र से लगभग पांच किलोमीटर उत्तर में देखा गया। इससे पहले, सेना ने कहा था कि रूसी सुरक्षा बलों ने दो यूक्रेनी सैन्य वाहनों पर कब्जा कर लिया है और स्थानीय होने का दिखावा कर घुसपैठ के लिए शहर की ओर बढ़ रहे हैं। अमेरिका के एक रक्षा अधिकारी ने बताया कि रूस एम्फिबियस हमला (जमीन, हवा और पानी, सभी तरीकों से) कर रहा है और हजारों की संख्या में रूसी नौसैनिक अजोव सागर से मारीयूपोल की ओर बढ़ रहे हैं।

अधिकारियों ने बताया कि यूक्रेन की हवाई रक्षा कमजोर हो गई है, वहीं रूस ने यूक्रेन के आसपास जितने उपकरण और सेना एकत्र किए थे, उसका एक तिहाई हिस्सा यूक्रेन में प्रवेश कर चुका है। आधिकारिक अनुमान है कि रूस ने यूक्रेन पर 200 से ज्यादा मिसाइलें दागी हैं, जिनमें से कुछ ने आवासीय क्षेत्रों को भी निशाना बनाया है. ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि कीव की ओर बढ़ रहे रूसी सैनिकों का एक बड़ा हिस्सा अभी भी सिटी सेंटर से 50 किलोमीटर से ज्यादा दूरी पर हैं।

वहीं यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदमिर जेलेंस्की ने पश्चिमी ताकतों से अनुरोध किया है कि वे रूस की अर्थव्यवस्था को चौपट करने के लिए जल्दी काम करें और यूक्रेन की सैन्य मदद करें। बृहस्पतिवार की रात यूरोपीय नेताओं से फोन पर बातचीत में उन्होंने अपना ठिकाना गुप्त रखा और कहा कि फिलहाल वह रूस के निशाने पर हैं। अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने कहा है कि कीव की संभवत: घेराबंदी कर ली गई है। अमेरिकी अधिकारियों का मानना ​​है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन पर अपनी पसंद की सरकार थोपना चाहते हैं।

इस बीच जेलेंस्की ने वैश्विक नेताओं से पूर्व में लगाए गए प्रतिबंधों की तुलना में रूस के खिलाफ अधिक कठोर पाबंदी लगाने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा, यदि आप अभी हमारी मदद नहीं करते हैं और यदि आप यूक्रेन को मजबूत सहायता प्रदान करने में नाकाम रहते हैं तो कल युद्ध आपके दरवाजे पर दस्तक देगा. जेलेंस्की ने रूस की सरकार से बातचीत करने का अनुरोध किया है और पश्चिमी शक्तियों से यूक्रेन को सैन्य सहायता प्रदान करने के लिए तेजी से काम करने को कहा है।

शुक्रवार तड़के कीव में हवाई हमले के सायरन बजते ही सिटी सेंटर के एक होटल के मेहमानों को एक अस्थायी सुरक्षित तहखाने की ओर जाने के लिए कहा गया, जिसमें गद्दे और पानी की बोतलों थीं। इसके साथ ही कार्यकर्ताओं व स्थानीय विश्वविद्यालय के छात्रों ने मेहमानों को चाय और नमकीन दिए गए। कार्यकर्ताओं में से एक, लुसी वाशाका (20) ने कहा, हम सभी डरे हुए और चिंतित हैं। हम नहीं जानते कि क्या करना है और कुछ दिनों में क्या होने वाला है?
शहरों और सैन्य ठिकानों पर एक के बाद एक किए गए मिसाइल हमलों के साथ आक्रमण शुरू हुआ और फिर पैदल सेना ने यूक्रेन की तरफ कूच किया। पूर्व में कई क्षेत्रों से सैनिक दाखिल होने लगे. क्रीमिया के दक्षिणी क्षेत्र से भी सैनिक आए, जिस पर रूस ने 2014 में कब्जा कर लिया था। पड़ोसी देश बेलारूस से भी रूसी सैनिकों ने धावा बोला। यूक्रेनी अधिकारियों ने कहा कि बंद पड़े चेर्नोबिल परमाणु ऊर्जा संयंत्र से उनका संपर्क कट गया है। इसी जगह पर दुनिया की सबसे भीषण परमाणु त्रासदी हुई थी। देश के कई हिस्सों में लोग हड़बड़ी में सुरक्षित स्थानों तक जाने के लिए ट्रेनों और कारों में सवार होते देखे गए।

जेलेंस्की ने कहा, देश का भविष्य पूरी तरह से हमारी सेना, सुरक्षा बलों, हमारे सभी रक्षकों पर निर्भर करता है। उन्होंने यह भी कहा कि देश ने मास्को से सुना है कि वे यूक्रेन की तटस्थ स्थिति के बारे में बात करना चाहते हैं। जेलेंस्की ने रूस की मांग का संदर्भ दिया कि यूक्रेन नाटो गठबंधन में शामिल होने का इरादा त्याग दे। कीव पर रूसी हमले के डर से रात होते ही हजारों लोग भूमिगत बंकरों, मेट्रो स्टेशनों के भीतर चले गए।

एक मेट्रो स्टेशन के भीतर शरण लिए हुए एंटन मिरोनोव ने कहा कि, किसी को विश्वास नहीं था कि युद्ध शुरू हो जाएगा और वे कीव को भी निशाना बनाएंगे। कुछ लोग अस्थायी बंकरों में रात बिताकर सुबह बाहर निकले। राजमार्ग पर सैन्य टुकड़ियों के साथ आम लोगों की कारें भी आ जा रही थीं। ईंधन केंद्रों पर बृहस्पतिवार को लंबी-लंबी कतारें नजर आई थी। रूस ने कहा है कि वह शहरों को निशाना नहीं बना रहा लेकिन पत्रकारों ने कई रिहायशी क्षेत्रों में तबाही का मंजर देखा। कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने कहा कि शुक्रवार को शहर में एक बहुमंजिला अपार्टमेंट में एक रॉकेट हमले से आग लगने के बाद कम से कम तीन लोग घायल हो गए।

रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा कि बहुत देर हो चुकी है, और जेलेंस्की को पहले बातचीत के लिए सहमत होना चाहिए था।लावरोव ने यह भी कहा कि रूस के सैन्य अभियान का उद्देश्य यूक्रेन का विसैन्यीकरण और नाजी विचारधारा से मुक्त कराना है और कोई भी उस पर कब्जा नहीं करने वाला है। वहीं पुतिन ने तर्क दिया कि रूस की सुरक्षा मांगों पर बातचीत करने से इनकार करके पश्चिम ने उनके पास कोई अन्य विकल्प नहीं छोड़ा था।

राष्ट्रपति पुतिन ने बृहस्पतिवार सुबह टेलीविजन पर संबोधन में घोषणा की कि डोनबास रिपब्लिक के प्रमुख के अनुरोध के जवाब में, उन्होंने उन लोगों की रक्षा के लिए एक विशेष सैन्य अभियान चलाने का निर्णय लिया है जो आठ साल से यूक्रेन के शासन के दुर्व्यवहार और नरसंहार से पीड़ित हैं। पुतिन ने कहा कि रूसी सैन्य अभियान का उद्देश्य यूक्रेन का विसैन्यीकरण सुनिश्चित करना है. पुतिन ने यूक्रेन के सैनिकों से तुरंत हथियार डालने और घर लौटने का भी आग्रह किया।

रूसी सैन्य बलों के उत्तर से कीव की तरफ कूच करने की खबरों के बीच यूक्रेन की सेना कीव के उत्तर-पश्चिम में 60 किलोमीटर दूर दुश्मन फौज से भीषण लड़ाई लड़ रही है। रूसी सैनिक सीमा के पास स्थित सूमी शहर में भी दाखिल हो चुके हैं। यहां से एक राजमार्ग राजधानी कीव की ओर जाता है। यूक्रेन में गृह मंत्रालय के सलाहकार एंतोन गेराशेंको ने टेलीग्राम पर कहा, आज का दिन बहुत भारी गुजरेगा. दुश्मन की योजना टैंक के जरिये इवांकीव और चेर्निहाइव के रास्ते कीव में दाखिल होने की है।

राष्ट्रपति जेलेंस्की के सलाहकार मायहेलो पोडोलीक ने बताया कि आक्रमण शुरू होने के कुछ घंटों बाद, रूसी सेना ने चेर्नोबिल परमाणु संयंत्र और उसके आस-पास के क्षेत्र पर नियंत्रण स्थापित कर लिया। वियना स्थित अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी ने कहा है कि उसे यूक्रेन द्वारा कब्जे के बारे में बताया गया था। साथ ही कि औद्योगिक स्थल पर कोई हताहत या तबाही नहीं हुई है।

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने नए प्रतिबंधों की घोषणा की है जो रूसी बैंकों, अमीर लोगों, सरकारी नियंत्रण वाली कंपनियों और उच्च-तकनीकी क्षेत्रों को लक्षित करेंगे। उन्होंने कहा, पुतिन ने इस युद्ध को चुना है। बाइडन ने यह भी कहा कि ऐसे उपाय किए गए हैं कि वैश्विक ऊर्जा बाजार प्रभावित नहीं हो। रूसी तेल और प्राकृतिक गैस निर्यात यूरोप के लिए महत्वपूर्ण ऊर्जा स्रोत हैं। बाइडन ने कहा कि अगर पुतिन नाटो देशों में घुसेंगे, तो अमेरिका हस्तक्षेप करेगा। उन्होंने कहा कि अगर उनके रूसी समकक्ष को अभी नहीं रोका गया, तो उनका हौसला बढ़ेगा। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने प्रतिबंधों की घोषणा करते हुए कहा है कि उन्होंने ब्रिटेन के वित्तीय बाजारों से रूस को दूर करने का लक्ष्य रखा है। सभी बड़े रूसी बैंकों की संपत्ति पर रोक लगाने और रूसी कंपनियों तथा क्रेमलिन को ब्रिटिश बाजारों से धन जुटाने से रोकने की योजना प्रस्तुत की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here