देहरादून: भाजपा के हर घर तिरंगा अभियान पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस ने आरएसएस से दो सवाल पूछे हैं। गुरुवार को राजीव भवन में प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि आजादी के बाद से तिरंगे का बहिष्कार करते आ रहे आरएसएस का हृदय परिवर्तन आश्चर्यजनक है। आरएसएस बताए कि वो अपने गुरु दक्षिणा कार्यक्रम में भला तिरंगा क्यों नहीं लगाता?

दूसरा, भाजपा और आरएसएस देशभर के 100 करोड़ घरों पर तिरंगा लगाने की बात कर करते हैं। 130 करोड़ लोगो के देश में ये बाकी 30 करोड़ लोग कौन है, जिनकी अनदेखी की जा रही है? दिल्ली में नेशनल हेराल्ड पर ईडी के छापों और कांग्रेस को शुक्रवार के आंदोलन से रोकने पर भी माहरा ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा।

कहा कि केंद्र के रवैए से साफ जाहिर हो रहा है कि देश में अघोषित आपातकाल लागू हो चुका है। जो भी सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज उठाता है उसी का उत्पीड़न शुरू कर दिया जाता है। केंद्र और राज्य सरकार भले कितना रोकने की कोशिश करे लेकिन कांग्रेस राजभवन का घिराव अवश्य करेगी। यहां भी पुलिस प्रशासन दबाव बनाने का प्रयास कर रहा है। लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता किसी दबाव में आने वाले नहीं है। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष मथुरादत जोशी, प्रदेश महामंत्री विजय सारस्वत, प्रवक्ता गरिमा माहरा दसौनी आदि मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here