देहरादून: रुड़की सड़क हादसे में घायल क्रिकेटर ऋषभ पंत का देहरादून मैक्स अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे में ऋषभ पंत गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जिस वक्त हादसा हुआ, उस वक्त दो युवक वहां मौजूद थे। इन्हीं दोनों ने हादसे में घायल क्रिकेटर की बहुत मदद की थी।  जलती कार से ऋषभ का जितना सामान संभव था इन दोनों युवकों ने निकाला था। दोनों ने इसकी पुलिस को इसकी सूचना दी थी। आज दोनों युवक देहरादून अस्पताल पहुंचे और हादसे के वक्त बरामद चार हजार रुपए पुलिस प्रशासन को दिए।

दरअसल, ऋषभ पंत की कार के हादसे के बाद ​दो युवक रजत और नीशु सबसे पहले मौके पर पहुंचे थे। इन्हीं दोनों ने क्रिकेटर का सारा सामान और कैश जलती कार से निकाला था। साथ ही पुलिस को इसकी सूचना दी थी। वहीं, आज रजत और नीशु देहरादून मैक्स अस्पताल ऋषभ पंत से मिलने आए। इस दौरान उन्होंने क्रिकेटर से संबंधित 4 हजार रुपए पुलिस प्रशासन को सौंपे, जो दुर्घटना के दौरान खो गए थे।

रजत कुमार ने कहा कि दुर्घटना होने के ठीक बाद उन्होंने ऋषभ पंत को देखा था। इस दौरान हरियाणा रोडवेज के कंडक्टर सुशील ने एंबुलेंस और पुलिस को फोन किया। हमने ऋषभ पंत को कंबल दिया, लेकिन उस समय हम उसे पहचान नहीं पाए। दुर्घटना के दौरान उनका सारा सामान जल गया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जब पंत का एक्सीडेंट हुआ तो मुजफ्फरनगर के रजत कुमार और नीशु कुमार ने ऋषभ पंत की बहुत मदद की थी।

बता दें कि क्रिकेटर ऋषभ पंत 30 दिसंबर तड़के दिल्ली से रुड़की अपने घर के लिए निकले थे। रुड़की के पास नारसन में उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई फिर पलटी खाकर सड़क के दूसरी तरफ पहुंच गई। इस दौरान कार में आग भी लग गई थी। आग लगी कार में से ऋषभ पंत बड़ी मुश्किल से बाहर  निकले थे। इस हादसे का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसे देखकर अंदाजा लगाया जा सकता कि कार हादसा कितना भयानक था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here