कोरियोग्राफर और फिल्म डायरेक्टर रेमो डिसूजा को आज हार्ट अटैक आया जिसके बाद उन्हें मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कहा जा रहा है कि अस्पताल पहुंचने के बाद रेमो की एंजियोग्राफी करनी पड़ी, फिलहाल उनके परिवार के लोग उनके साथ अस्पताल में मौजूद हैं।
ये भी पढ़ें: उत्तराखंड: DGP की सख्ती के बाद आखिरकार मिली 450 पेटी शराब, आठ लोग गिरफ्तार
आपको बता दें कि इस खबर की पुष्टि बॉलीवुड के एक और कोरियोग्राफर और रेमो के सीनियर अहमद खान ने की है। रेमो खुद अहमद के साथ 6 सालों तक काम कर चुके हैं। उन्होंने कई फिल्मों में अहमद खान को असिस्ट किया था। रेमो और अहमद दोनों ही एक दूसरे के काफी करीब हैं। वहीं इस वक्त रेमो की पत्नी लिज डिजूसा उनके साथ अस्पताल में मौजूद हैं। रेमो की एंजिओग्राफी की जा चुकी है और वो आईसीयू में भर्ती हैं।
वहीं कोरियोग्राफी के साथ साथ बीते कुछ सालों से रेमो निर्देशन के क्षेत्र में भी कदम रख चुके हैं। उन्होंने फ्लाइंग जट, रेस 3, फालतू, एबीसीडी, एबीसीडी 2 और स्ट्रीट डांसर जैसी फिल्मों को डायरेक्ट किया है। इसके अलावा वो कई रियलिटी शो में भी नज़र आ चुके हैं। उन्होंने डांस इंडिया डांस के कई सीज़न को जज किया है। इंडस्ट्री में वो पहले से ही अपनी जगह बना चुके थे लेकिन लोगों तक उनकी पहुंच इसी शो के जरिए हुई। डांस इंडिया डांस के अलावा झलक दिखला जा, नच बलिए और डांस प्लस जैसे डांसिंग रियलिटी शो में वो नज़र आ चुके हैं।