देहरादून: उत्तराखंड में मंगलवार को भी मौसम का मिजाज बदला रहेगा। राजधानी देहरादून में सुबह से ही हल्‍के बादल छाए रहे। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार आज राज्य में कहीं-कहीं गर्जन के साथ ओलावृष्टि हो सकती है। आकाशीय बिजली चमकने के साथ तेज बौछारें पडऩे की भी संभावना है। इस दौरान 60 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने की चेतावनी देते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि मंगलवार को प्रदेश में कहीं-कहीं अंधड़ चलने की संभावना है। साथ ही उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर व पिथौरागढ़ जिले में विभिन्न स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम खराबी से मुंबई व दिल्ली की हवाई सेवाएं प्रभावित

मौसम खराबी के कारण जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर हवाई सेवाएं प्रभावित हुई। मुंबई और दिल्ली की दो फ्लाइट विलंब से एयरपोर्ट पहुंची। जिससे यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। एयरपोर्ट के ड्यूटी टर्मिनल मैनेजर सुशांत शर्मा ने बताया कि मुंबई से देहरादून आने वाली गो एयरवेज की फ्लाइट जौलीग्रांट एयरपोर्ट में मौसम खराबी के कारण दिल्ली एयरपोर्ट के लिए डायवर्ट की गई।

देहरादून का मौसम ठीक हो जाने के बाद यह फ्लाइट तीन घंटे बाद दिल्ली से उड़ान भरकर देहरादून पहुंची। वहीं मौसम खराबी को देखते हुए दिल्ली से देहरादून आने वाली स्पाइस जेट की फ्लाइट को भी दो घंटे दिल्ली में रोके रखा गया। मौसम साफ होने के बाद यह फ्लाइट भी दिल्ली से देहरादून पहुंची।

दून के अधिकांश इलाकों में मंगलवार शाम को अंधड़ चलने से जनजीवन प्रभावित हुआ। करीब एक घंटा तक 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चली हवा कई दुकानों का टिन शेड व होर्डिंग उड़ा ले गई। वहीं, कुठाल गेट के पास और ओल्ड मसूरी रोड पर दो पेड़ गिर गए। कुठाल गेट के पास गिरे पेड़ के नीचे पांच श्रमिक दब गए।

उन्हें दून अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से एक श्रमिक की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, सड़क पर पेड़ गिरने के कारण दोनों जगह करीब आधा घंटा तक जाम लगा रहा। वहीं, रात में बारिश होने से गर्मी और उमस से राहत मिली।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here