देहरादून :  उत्‍तराखंड में हर ओर आजादी के जश्‍न की धूम है। लोग सुबह से ही तिरंगा लिए भारत माता की जय का उद्घोष कर रहे हैं। लगभग हर वाहन और भवन पर तिरंगा फहरा रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वतंत्रता दिवस की 75 वीं वर्षगांठ (75th Independence Day 2022)के अवसर पर सोमवार को देहरादून के परेड मैदान और ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में ध्वजारोहण करेंगे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (CM Pushkar Singh Dhami) स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सबसे पहले सुबह 8:30 बजे मुख्यमंत्री आवास में ध्वजारोहण करेंगे। इसके बाद वह सुबह 9:05 बजे भाजपा मुख्यालय और फिर 10 बजे परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में ध्वजारोहण करेंगे। दोपहर 12:10 बजे मुख्यमंत्री गैरसैंण के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में ध्वजारोहण करेंगे।

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने स्वतंत्रता दिवस (Independence Day 2022 ) की पूर्व संध्या पर देश एवं प्रदेश वासियों को शुभकामना देते हुए कहा कि यह दिन हम सबको यह प्रेरणा देता है कि हम समरसता, समृद्धि, खुशहाली से राष्ट्र निर्माण की तरफ बढ़ें।

कहा कि जिन्होंने इस देश की स्वतंत्रता एवं सुरक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया, उन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता है। आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर देशवासियों में राष्ट्र निर्माण, चरित्र निर्माण और देश की सुरक्षा के लिए जो उत्साह दिख रहा है, वह अपने आप में अलग ही है।

कहा कि देश के साथ-साथ उत्तराखंड भी विषम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद चुनौतियों से पार पाते हुए प्रगति की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इस अवसर पर उत्तराखंड की मातृशक्ति को नमन करते हुए उन्होंने कहा की प्रदेश की महिलाओं में संघर्ष की अद्भुत शक्ति है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वतंत्रता की 75 वीं वर्षगांठ (75th Independence Day 2022) पर सभी राज्यवासियों को शुभकामना दी है। उन्होंने कहा कि आज जो स्वतंत्रता का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है, वह स्वतंत्रता सेनानियों, जवानों के त्याग और बलिदान का प्रतिफल है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि ही नहीं, वीरभूमि भी है। प्रदेश सरकार सैनिकों व बलिदानियों के स्वजन का पूरा ध्यान रख रही है। देश के घर-घर में लहराता तिरंगा दुनिया को एक भारत, श्रेष्ठ भारत का संदेश दे रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का उत्तराखंड से लगाव किसी से छिपा नहीं है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में राज्य सरकार प्रदेश के चहुंमुखी विकास के लिए समर्पित भाव से जुटी है। उत्तराखंड में बलिदानी सैनिकों के सम्मान में सैन्यधाम की स्थापना की जा रही है।

सरकार बलिदानी सैनिक के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी में समायोजित कर रही है। राज्य के वीरता पदक से सम्मानित सैनिकों को देय एकमुश्त अनुदान में वृद्धि की गई है।
राज्य आंदोलनकारियों की पेंशन में भी वृद्धि की गई है। बीते वर्षों में उत्तराखंड ने विभिन्न क्षेत्रों में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। सरकार अंत्योदय की भावना के अनुरूप विकास का लाभ अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है।

विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूड़ी ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामना देते हुए स्वतंत्रता संग्राम में बलिदान देने वाले वीर सपूतों के साथ ही उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों के बलिदान को नमन किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here